बड़ौत। कोताना गांव में शुक्रवार को बिजली चोरी करने वालों पर कार्रवाई व बकायेदारों के कनेक्शन काटने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम का ग्रामीणों ने घेराव किया। ग्रामीणों की टीम के साथ नोकझोंक हुई। मौके पर पुलिस बुलाई गई। जिसके बाद टीम ने कनेक्शन काटने के साथ ही तीन घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
ऊर्जा निगम की पांच टीमें कोताना गांव पहुंची और 10 हजार रुपये से अधिक के बकाया होने व दो साल से बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ता के कनेक्शन काटने लगी। सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उनके यहां पर त्रुटिपूर्ण बिल भेजे जा रहे हैं, कार्यालयों के चक्कर काटकर थक चुके हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। लगातार उपभोक्ताओं पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है।
हंगामा बढ़ता देख बोहला चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों को बुलाया गया। जिसके बाद पूरे गांव में अभियान चलाया गया। सहायक अभियंता सीताराम ने बताया कि अभियान में लगी पांच टीमों ने 53 बकायेदारों के कनेक्शन काटे और तीन लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। पांच लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई।