पाली गांव के पेट्रोल पंप पर चल रहे भंडारे से प्रसाद खाकर घर लौट रही छह वर्षीय नबिया और तीन वर्षीय अलीना को दिल्ली की ओर से आ रहे एक ट्रक ने रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक बच्चियों के चाचा अरशद ने बताया कि दोनों भतीजियां गांव के पेट्रोल पंप पर आयोजित भंडारे से प्रसाद लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल बच्चियों को तुरंत बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बच्चियों के पिता तालीम, जो कांधला में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, के घर में चीख-पुकार मच गई। जिला अस्पताल पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण चौहान ने मामले की जांच की और परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। कोतवाली पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तेज थी ट्रक की रफ्तार
चाचा अरशद ने बताया कि तीन बहनें भंडारे का खाना खाने गई थीं। वे उन्हें लेने गए थे। एक बच्ची का हाथ उन्होंने पकड़ रखा था, जो कि बच गई। बाकी दो बहनें नबिया और अलीना को ट्रक ने कुचल दिया। अरशद ने बताया कि ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी।
ये भी देखें...
बागपत: त्योहार के मौके पर दो घंटे स्वास्थ्य सेवाएं ठप, सीएमएस पर रिपोर्ट के विरोध में दो घंटे कार्य बहिष्कार