-सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद यूपी पुलिस में भर्ती हो गया था आरोपी, शाहजहांपुर में है तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। शाहजहांपुर में तैनात यूपी पुलिस के एक सिपाही को 11वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी राहुल ने विरोध करने पर छात्रा के परिजनों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई भी की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को उसे हिरासत में लिया।
यह घटना शनिवार दोपहर की है जब छात्रा अपने घर के पास नलकूप पर पानी लेने गई थी। इसी दौरान गांव का राहुल वहां पहुंचा और छात्रा के साथ गलत हरकतें करने लगा। छात्रा किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद छात्रा के भाई आरोपी राहुल के घर उलाहना देने गए। राहुल ने उनके साथ गाली-गलौज की, हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी। राहुल सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था और उसकी तैनाती शाहजहांपुर जिले में है। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में दर्ज की गई है। आरोपी राहुल को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।