फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: बागपत के छह गांवों के 200 मकानों को तोड़ने का नोटिस चस्पा, सात दिन का दिया समय, जानें क्या है मामला

Thu, 14 May 2026 08:03 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, बागपत

सार

Baghpat News: बड़ौत-छपरौली-टांडा मार्ग का 49 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण किया जाना है। ऐसे मकान जो कि अवैध अतिक्रमण कर रोड पर बने हैं, उनको अपना निर्माण खुद ही तोड़ने के नोटिस दिए गए हैं। 
 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बड़ौत-छपरौली-टांडा मार्ग के चौड़ीकरण की जद में छह गांवों के 200 मकान आ गए हैं, जिन्हें चौड़ीकरण के लिए तोड़ा जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी और चिह्नित किए गए मकानों पर नोटिस चस्पा कर सात दिन में खुद तोड़ने के लिए कहा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी खुद ही अतिक्रमण हटवाएंगे।
विज्ञापन

 

बड़ौत-छपरौली-टांडा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन से 49 करोड़ रुपये बजट मंजूर हो चुका है, जो 7 मीटर से 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। शासन से बजट मंजूर होने के बाद अफसरों ने निविदा प्रक्रिया पूरी की और फिर चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। सड़क को दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ा करने का नक्शा बनाकर पैमाइश कराई तो मलकपुर, सिनौली, आदर्श नंगला, छपरौली समेत छह गांवों में जमीन पर अतिक्रमण और मकान खड़े हुए मिले। 
 

राजस्व विभाग के अफसरों ने पैमाइश कर सड़क की जमीन चिह्नित की तो छह गांवों में 200 मकान चिह्नित किए गए, जो एक से डेढ़ मीटर तक सड़क की जमीन पर बने हुए हैं। इसके लिए अफसरों ने चिह्नित मकानों पर नोटिस चस्पा करा दिए। साथ ही सात दिन में मकान मालिकों को खुद ही मकान तोड़ने के लिए कहा गया।
 

चौड़ीकरण से वाहन चालकों को मिलेगी राहत
बड़ौत-छपरौली-टांडा मार्ग से 20 से अधिक गांव जुड़े हैं और हजारों वाहन रोजाना गुजरते हैं। मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं और कोहरे में वाहन चालकों की समस्या बढ़ जाती है। मार्ग का चौड़ीकरण होने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी और हादसों पर भी अंकुश लगेगा। दोबारा निशानदेही कराने की मांग पर राजस्व और लोक निर्माण विभाग की टीम ने मलकपुर, सिनौली समेत कई गांवों में निशानदेही कर दी है। इसको लेकर गांव के लोग लोनिवि के अधिशासी अभियंता से मिले। वहां पर ग्रामीण संजय, विकास, राजेश आदि ने दोबारा निशानदेही कराने की मांग की।
 

ये बोले लोग
-जीवनभर की कमाई लगाकर अपने मकान बनाए हैं। अगर तोड़फोड़ होती है तो प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही प्रशासन को निशानदेही में पूरी पारदर्शिता बरतनी चाहिए। 
- अर्जुन तोमर, मलकपुर

-लोगों के घर केवल ईंट-पत्थर नहीं, उनकी वर्षों की मेहनत और सपनों का सहारा है। तोड़ने से पहले सही निशानदेही जरूरी है। जिन परिवारों को नुकसान होगा, उन्हें उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
- बबली तोमर, मलकपुर
 
विज्ञापन

ये बोले अधिकारी
बड़ौत-छपरौली-टांडा मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। कुछ मकान, चबूतरे भी सड़क की जमीन में बने हुए हैं, जिनकी निशानदेही कराकर नोटिस चस्पा किए गए हैं। जल्द ही अतिक्रमण हटवाकर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। 
- अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें