अमीनगर सराय के कमाला गांव में बुखार कहर बरपा रहा है, जहां 100 से अधिक लोग बीमार हैं। वहीं 20 से अधिक ग्रामीणों की प्लेटलेट्स कम होने के कारण उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने गांव में शिविर लगाकर जांच कराने और दवाई का छिड़काव कराने की मांग की है।
विज्ञापन
कमाला के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हर घर में बुखार के मरीज हैं। देवा, प्रियमेध, ललीता, कृष्णपाल, बबीता, वान्या, अजयपाल, उमेश, सुधीर, नीरज, आकाश, अर्जुन, उर्मिला सहित सौ से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जगह-जगह गंदगी है, जिस कारण मच्छर अधिक होने से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों को दिल्ली, गाजियाबाद व मेरठ में पहुंचकर निजी चिकित्सक के पास उपचार कराना पड़ता है। ऐसे में उन्हें काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने गांव में सफाई कराने और दवा का छिड़काव कराने के साथ ही शिविर लगाकर जांच कराने की मांग की है। ग्रामीण अजय, महेश, कृष्ण, प्रमोद, रोहित, विजयपाल, रविंद्र आदि ने बताया कि बुखार के कारण लोगों की प्लेटलेट्स कम हो रही हैं। उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा है। 15 दिन से गांव में बुखार फैला हुआ है, लेकिन इसके बाद भी स्वास्थ्य की टीम ने गांव में आकर ग्रामीणों का उपचार तक नहीं किया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य कैंप लगाने की मांग की है।
ये बोले सीएमओ
कमाला गांव में मंगलवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। ग्रामीणों को दवाई का वितरण किया जाएगा। साथ ही उनकी मलेरिया व डेंगू की जांच कराई जाएगी। - डॉ तीरथ लाल, सीएमओ