जयंत ने कहा कि किसानों का गन्ना भुगतान जल्द किया जाना चाहिए और उनकी सभी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। किसानों पर किसी भी तरह का भार न डाला जाए और उन पर सख्ती न की जाए। उन्होंने एक देश, एक चुनाव को लेकर कहा कि सरकार लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए फैसले लेती है। कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही यह सब किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के पीएम मोदी को पत्र लिखने पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में इसे लव लेटर लिखना कहते हैं और यह होता रहना चाहिए। उन्होंने रेलसर विनेश फोगाट को लेकर कहा कि यदि वह खेलेंगी तो वह आज भी तालियां बजाने को तैयार हैं। मगर वह हरियाणा में विपक्षी पार्टी से चुनाव मैदान में उतरी हैं और मैं उनके विपक्ष में खड़ा हूं। उन्होंने केंद्र सरकार के सौ दिन की उपलब्धियां भी गिनाईं।
कौशल विकास केंद्र और दक्षता परीक्षण केंद्र का उद्घाटन किया
चौधरी जयंत सिंह ने चौधरी चरण सिंह राजकीय महाविद्यालय में केंद्रीय कौशल विकास केंद्र और विद्या मंदिर इंटर कालेज में देश के पहले दक्षता परीक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि छपरौली ने मेरे परिवार को हमेशा ताकत देने का काम किया है। यह चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि रहा है और यहां युवाओं के लिए कुछ करने का मेरा सपना था। बागपत के युवा ज्यादातर बेल्ट की नौकरी करना पसंद करते हैं। उनको उनके मुकाम तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा हैं। उनके लिए कोई सुविधा आजतक नहीं दी गई थी, जो अब बढ़ाई जा रही है।