यूपी के बागपत स्थित श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के पास जलाभिषेक के लिए पहुंचे दो कांवड़ियों की मौत हो गई। वहीं गर्मी और ज्यादा भीड़ के कारण 15 कांवड़िये बेहोश हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान भक्ततों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव अपने साथ ले गए। इसके अलावा मंदिर के आस-पास तकरीबन दौ सौ शिवभक्तों की हालत बिगड़ गई। उन्हें भी सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
आगे जानें कैसे अचानक बिगड़ी शिवभक्तों की हालत:-
मंदिर पहंचते ही अचानक बिगड़ी हालत
कांवड़ यात्रा 2018
- फोटो : अमर उजाला
पुरा महादेव में जहां शिव के जलाभिषेक के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। वहीं मंदिर में अत्यधिक भीड़ होने और थकान व खाली पेट रहने से कांवड़ियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गाजियाबाद जनपद के दोसा मंजर गांव निवासी विशाल (14) पुत्र ओमदत्त हरिद्वार से पैदल कांवड़ लेकर श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पुरा में जलाभिषेक करने आया था।
पिता ओमदत्त ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह पुरा गांव में पहुंच गए थे। महादेव मंदिर के पास पहुंचते ही विशाल बेहोश होकर गिर गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने के कारण विशाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि उसने दो दिनों से कुछ नहीं खाया था।
दौड़ते दौड़ते गिरकर हुआ बेहोश
वहीं मुजफ्फरनगर के शाहपुर निवासी मोंटी (16) अपने साथियों के साथ हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के आ रहा था। बुधवार की रात डाक कांवड़ पुरा गांव के पास पहुंच गई। मोंटी गंगाजल लेकर दौड़ रहा था। दौड़ते-दौड़ते वह अचानक गिर गया और बेहोश हो गया।
साथियों ने उसे सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गर्मी और भीड़ और खाली पेट रहने से बिगड़ी हालत
वहीं गर्मी एवं मंदिर में ज्यादा भीड़ के कारण 15 कांवड़िये बेहोश हो गए जबकि 200 की हालत बिगड़ गई। उन्हे सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि अधिकतर कांवड़ियों को दर्द, सूजन व पांव में छाले की शिकायत थी। 15 कांवड़िये बेहोशी की हालत में आए। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया की गर्मी ज्यादा होने, ज्यादा लंबे समय तक खाली पेट रहने और लगातार चलने की वजह से बॉडी में आये स्ट्रेस की वजह से ये हालात होती है।
लाइन में लगे कांवड़ियों में धक्का-मुक्की
श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पुरा में बृहस्पतिवार को लाखों कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। मंदिर के अंदर लाइन में लगे कांवड़ियों में कई बार धक्का-मुक्की हुई, जिस कारण कांवड़ियों को परेशानी रही।
महिला कांवड़ियों को हुई परेशानी
पुलिस प्रशासन ने महिला कांवड़ियों के लिए अलग से लाइन की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। मंदिर के अंदर लाइन में लगी महिला कांवड़ियों के साथ भी धक्का मुक्की हुई, जिससे कई महिला कांवड़ियों को चोटें आई है।