-25 जनवरी से शुरू होगी परीक्षा, पांच दिसंबर तक शिक्षकों का विवरण पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परीक्षा शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रधानाचार्य को 23 नवंबर से पांच दिसंबर तक शिक्षकों का विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। निर्धारित समय पर शिक्षकों का विवरण अपलोड न करने पर प्रधानाचार्य को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। परिषद ने 25 जनवरी से दो फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षा कराने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए परिषद की ओर से शिक्षकों का विवरण, उनके विषय, योग्यता और नियुक्ति का विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा सचिव दिव्य कांत शुक्ल ने प्रधानाचार्य को शिक्षकों का विवरण अपलोड सावधानी से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षकों का विवरण अपलोड करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर प्रधानाचार्य को उत्तरदायी मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षण धर्मेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि प्रधानाचार्य 23 नवंबर से पांच दिसंबर तक शिक्षकों के विवरणों का सत्यापन कर उनका ब्योरा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। इसके अलावा विद्यालयों में अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।