बागपत। लॉकडाउन पर सख्ती बढ़ा दी गई है। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बड़ौत और अन्य क्षेत्रों का भ्रमण किया। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि कानून का उल्लंघन किया तो कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम अमित कुमार सिंह और एएसपी अनिल कुमार सिंह ने बागपत और रटौल क्षेत्र का भ्रमण किया। अग्रवाल मंडी टटीरी के मैन गेट पर पुलिस ने बैरियर लगा दिया है। बाजार बंद होने के कारण लोगों की आवागमन बंद रहा। नगर में राष्ट्रवंदना चौक के अलावा कोर्ट रोड़, नगर के मैन बाजारों व पुराने कस्बे में पुलिस ने गश्त कर कुछ को दौड़ाया तो कुछ को वापस भेजा। मेरठ-बागपत मार्ग पर डौला चौकी, नानू मोड़, पिलाना भट्ठा, सिंघावली थाना, बालैनी में पुरा महादेव रोड़, हिंडन चौकी पर चेंकिग कर लोगों को वापस भेजा गया। बड़ौत में दिनभर सन्नाटा छाया रहा। डीएम शकुंतला गौतम, एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव, एसडीएम दुर्गेश मिश्र, थानाध्यक्ष अजय शर्मा ने कोताना रोड, नया बाजार, रेलवे रोड व अन्य बाजारों में लॉकडाउन का घूमकर जायजा लिया।
एसडीएम ने सभासद को नोटिस भेजा
बड़ौत। वार्ड नंबर दो की सभासद परवीन जहां मनव्वर को एसडीएम ने नोटिस भेजा। एसडीएम ने बताया कि दो दिन पूर्व वार्ड नंबर दो की सभासद परवीन जहां मनव्वर ने लोगों को बहकाया कि तहसील में राशन बंट रहा है। वहां काफी संख्या में महिलाओं व पुरूषों को भेज दिया। जिससे शांति भंग की आशंका उत्पन्न हो गई।