बागपत: खेकड़ा: घटना के बाद सब्जी मंडी मे आढतियो से जानकारी लेती कोतवाली पुलिस
- फोटो : KAHKRA
बाइक सवार चार युवकों ने बृहस्पतिवार की सुबह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने तीन खोखे किए बरामद, पुरानी रंजिश को बताया जा रहा कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। डूंडाहेड़ा मार्ग स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में बृहस्पतिवार की सुबह बाइक सवार चार युवकों ने दो सब्जी विक्रेताओं पर पिस्टल से गोलियां बरसा दी। इसमें दोनों सब्जी विक्रेता घायल हो गए। इसके बाद हमलावर पिस्टल और तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से तीन खोखे मिले है। पुलिस का मानना है कि पुरानी रंजिश में वारदात की गई है।
नगर स्थित कृषि उत्पादन मंडी में मोहल्ला मुंडाला निवासी दो चचेरे भाई कुलदीप और सन्नी सब्जी बेचते है। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार की सुबह भी दोनों मंडी पहुंचे और काम में जुट गए। सुबह करीब आठ बजे मोहल्ला अहिरान निवासी एक युवक अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि चारों युवकों ने पिस्टल व तंमचों से कुलदीप और उसके चचेरे भाई सन्नी पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से मंडी में मौजूद आढ़तियों और सब्जी खरीदने पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई। कुलदीप और सन्नी जान बचाने के लिए वहां से भागने लगे। सन्नी तो गोली लगने से बच गया लेकिन कुलदीप के पैर में गोली लग गई। भागते हुए सन्नी भी गिरकर घायल हो गया। फायरिंग में नगर निवासी सब्जी विक्रेता आदिल भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। इसके बाद मामले की छानबीन की। मौके से तीन खोखे बरामद हुए।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कुलदीप के बडे़ भाई संदीप की तहरीर पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में हमले का कारण पुरानी रंजिश सामने आ रहा है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।