अंगदपुर गांव निवासी कक्षा 12वीं में पढ़ने वाला छात्र सालिम उम्र 19 पुत्र पप्पू सोमवार की दोपहर गांव के ही अपने एक दोस्त सावेज पुत्र शराफत के साथ बाइक से बड़ौत आ रहा था।
दूसरी ओर भगवानपुर नांगल निवासी कक्षा 11वीं में पढ़ने वाला उम्मेद उम्र 18 पुत्र यामीन अपने चचेर भाई सुफियान पुत्र दिलशाद के साथ गांव से मेरठ की ओर जा रहे थे। जब दोनों बाइक सवार बड़ौत-मेरठ मार्ग पर वाजिदपुर गांव के पास पहुंचे, तो दोनों बाइकों की तेज गति होने के कारण नियंत्रित नहीं हो पाई और दोनों बाइकों की आपस में जोरदार भिंडत हो गई।
मौके पर ही अंगदुपर गांव निवासी छात्र सालिम व भगवानपुर नांगल गांव छात्र उम्मेद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक बाइक पर सवार सुफियान व दूसरी बाइक पर सवार सावेज घायल हो गए।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिंताजनक स्थिती में सुफियान को मेरठ रेफर किया गया। जहां पर सुफियान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उधर एक साथ दो अलग-अलग परिवारों में छात्रों की मौत हो जाने पर परिजनों में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है, यदि तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।