बागपत। नगर के काजीपुरा मोहल्ले में सोमवार दोपहर बाइक से बुग्गी टकराने के बाद दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों ओर से काफी देर तक छतों से पथराव किया गया। जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 11 लोगों को नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
काजीपुरा मोहल्ले में दिलशाद की बाइक उसके घर के बाहर खड़ी थी। तभी मोहल्ले का आसिफ बुग्गी लेकर आया। बुग्गी टकराने से दिलशाद की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। दोनों पक्षों के लोगों ने छतों से पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव का वीडियो भी वायरल हो गया। घटना में दिलशाद व उसकी मां बानो, पिता शौकीन, भाभी आसमां और मोहम्मद घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत के चलते मोहम्मद को मेरठ रेफर कर दिया गया। कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि दिलशाद के पिता शौकीन की तहरीर पर 11 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
परिजनों ने जिला अस्पताल में किया हंगामा
- घटना में दिलशाद का भतीजा गंभीर घायल हो गया। अन्य घायलों के साथ उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। जिस पर परिजनों ने उसे मेरठ ले जाने के लिए 112 नंबर पर कॉल करके एंबुलेंस बुला ली। लेकिन एंबुलेंस के चालक ने पुलिसकर्मी के बिना दिलशाद को मेरठ ले जाने से मना कर दिया। इस पर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। बाद में परिजन उसे निजी गाड़ी से मेरठ लेकर गए।