बड़ौत पुलिस द्वारा पकड़े गए विशाल हत्याकांड के आरोपी
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। मलकपुर गांव के विशाल हत्याकांड में नामजद दो अन्य आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। दो आरोपियों को पुलिस पूर्व में ही जेल भेज चुकी है।
26 मार्च को मलकपुर गांव के पास विशाल (24) पुत्र शीशपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपियों ने विशाल के चेहरे और सिर पर कई गोली मारी थी। इस मामले में मृतक के पिता शीशपाल ने मलकपुर गांव के ही विशांत व आशीष पुत्रगण लोकेंद्र, लोकेंद्र पुत्र विजयपाल और विशु पुत्र बिट्टू को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली पुलिस ने 29 मार्च को विशांत पुत्र लोकेंद्र और विशु पुत्र बिट्टू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने मलकपुर गांव के जंगल से आशीष और लोकेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि इस हत्याकांड मेें सभी नामजद आरोपी जेल भेजे जा चुके है।