दुकानों के शटर गिरे, ग्राहक और राहगीर जान बचाने के लिए दौड़े
पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया, तमंचा भी बरामद
बड़ौत (बागपत)। बिजरौल रोड स्थित एक इंटर कॉलेज के छात्रों में शनिवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले तो दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें कई छात्र चोटिल हो गए। मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद एक पक्ष के अन्य कई साथी गाड़ियों से वहां पहुंचे और दूसरे गुट के छात्रों को घेरकर पिटा। फायरिंग भी की। इससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने वाले दो छात्रों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस पकडे़ गए छात्रों से पूछताछ करने में जुटी है।
शनिवार की दोपहर बाद बिजरौल रोड पर छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों ने अपने-अपने साथियों को असलाह के साथ बुला लिया। देखते ही देखते सड़क पर दोनों गुट भिड़े गए। तमंचों से कई राउंड फायर हुए। दुकानदारों ने दहशत के मारे शटर बंद कर लिए और दुकानों पर खड़े ग्राहक और सड़क पर राहगीरों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना पर बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज नरेशपाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख झगड़ा कर रहे युवक कार और बाइकों से फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से तमंचा भी बरामद किया है। पकडे़ गए युवकों में एक बड़का रोड और दूसरा रमाला गांव का रहने वाला बताया गया है।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस की ओर से ही इस घटना का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।