- बिलौचपुरा से किनौनी गांव जा रहे थे दोनों, चिरचिटा के पुल पर पानी का बहाव तेज होने पर हादसा हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। चिरचिटा में पुल पर पानी के तेज बहाव में बाइक फिसलने से जितेंद्र निवासी बिलौचपुरा और उसका दोस्त सतबीर निवासी बली हिंडन नदी में गिर गए। उन्हें देखते ही आसपास खड़े लोग भी हिंडन नदी में कूद गए और दोनों को बचाकर बाहर निकाला। एंबुलेंस से दोनों का बिनौली सीएचसी में उपचार कराया गया, जहां सतबीर की हालत चिंताजनक होने पर मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया।
चिरचिटा निवासी सतीश ने बताया कि उसका भाई जितेंद्र बिलौचपुरा गांव में रहता है। बृहस्पतिवार शाम जितेंद्र अपने दोस्त सतबीर के साथ बाइक से मेरठ जिले के किनौनी जा रहे थे। जैसे ही चिरचिटा में हिंडन नदी का पुल पार करने लगे तो पानी के बहाव ज्यादा होने के कारण उनकी बाइक फिसल गई। इससे जितेंद्र और सतबीर भी बाइक के साथ हिंडन नदी में गिर गए। दोनों गहरे पानी में डूबने लगे तो आसपास खड़े लोगों ने उनकी जान बचाने के लिए हिंडन में छलांग लगा दी। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बचाकर बाहर निकाला। इसकी सूचना मिलते ही चिरचिटा गांव के काफी संख्या में ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। बिनौली सीएचसी से जितेंद्र को घर भेज दिया गया, जबकि सतबीर की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिसका मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि चिरचिटा में पुल के ऊपर से पानी गुजर रहा है, जिसका बहाव काफी तेज है। ऐसे में पुल से दूर ही रहे।