ब्लॉक प्रमुख अंशु खोखर को धमकी देेने पर दो भाइयों पर मुकदमा
सुनील राठी गैंग से जुड़े हैं दोनों, एक भाई परमवीर तुगाना की हत्या में पहले से जेल में, दूसरे की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली(बागपत)। ब्लॉक प्रमुख अंशु खोखर को धमकी देने के मामले में पुलिस ने कुख्यात सुनील राठी गैंग में सक्रिय दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी को पुलिस परमवीर तुगाना की हत्या के मामले मेें पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि दूसरे की तलाश चल रही है।
छपरौली की ब्लॉक प्रमुख अंशु खोखर ने एसपी अजय कुमार सिंह और सीओ बड़ौत आलोक कुमार सिंह से मिलकर जान को खतरा बताया था। समर्थकों ने हंगामा किया और सुनील राठी गैंग से खतरा जताते हुए सुरक्षा मांगी थी। एसओ छपरौली संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर हलालपुर गांव निवासी रोबिन खोखर और उसके भाई सचिन खोखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सचिन खोखर को पुलिस पहले ही परमवीर तुगाना की हत्या में नामजदगी के बाद जेल भेज चुकी है। रोबिन खोखर की तलाश शुरू कर दी है। रोबिन और उसके पिता की पुलिस को परमवीर की हत्या में नामजदगी की वजह से भी तलाश है। ब्लॉक प्रमुख अंशु खोखर का कहना है कि उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए, उनके परिवार को खतरा है।