चांदीनगर/छपरौली। खट्टा प्रहलादपुर गांव के पास से शनिवार रात पुलिस ने दस हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर तमंचा व कारतूस बरामद किए। उधर छपरौली पुलिस ने 25 हजार रुपये के ईनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें रविवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एएसपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि ककौरकलां गांव के रहने वाले रितिक के खिलाफ वर्ष 2021 में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने आरोपी रितिक के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की। जिसमें फरार होने पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। आरोपी रीतिक को चेकिंग के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के सुराना गांव निवासी सचिन के खिलाफ सिंघावली अहीर थाने में आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। जिसके खिलाफ सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की और 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। शनिवार रात खट्टा प्रहलादपुर गांव के पास से सचिन को गिरफ्तार कर एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।