बड़ौत। परिवहन विभाग ने मंगलवार से बड़ौत से बुढ़ाना मार्ग पर दो अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। इस कदम से 20 से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। यह पहल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करेगी।
करीब चार साल से बिजरौल मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा था। इस कारण बुढ़ाना और मुजफ्फरनगर रूट की बसें बावली चुंगी बस स्टैंड से बावली अंडरपास से चलती थीं। अंडरपास में अक्सर जाम रहता था, जिससे बसों की संख्या कम की गई थी। बसों की कमी से यात्रियों को डग्गामार वाहनों में सफर करना पड़ता था। ओवरब्रिज बनने के बाद बसों का संचालन शुरू हुआ। अब अतिरिक्त बसें जुड़ने से यात्रियों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे समय पर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इस निर्णय से बिजरौल, बामनौली, पुसार, आदमपुर, दाहा, निरपुड़ा, कान्हड़, धनौरा और भडल समेत 20 से अधिक गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा। पहले बसों की कमी से इन गांवों के लोगों को काफी परेशानी होती थी। अतिरिक्त बसों से यात्रा का समय बचेगा और आवागमन सुगम होगा। यह स्थानीय निवासियों की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाएगा।
वर्जन -
बुढ़ाना मार्ग पर दो अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया गया है, जिससे रूट से जुड़े गांव के लोगों को लाभ मिलेगा। बसों के बढ़ने से यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। -प्रमोद कुमार, बस संचालन प्रभारी