-चार सितंबर को दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गोली मारकर की गई थी अंकुर की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बाघू गांव के अंकुर नैन की हत्या में फरार 25 हजार रुपये का आनन्द और अनमोल शुक्रवार देर रात अहैडा मार्ग पर पुलिस से मुठभेड़ में घायल हो गया। आनन्द हत्याकांड का मुख्य आरोपी हैं, इससे पहले चार आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
संतोषपुर गांव के दूधिया विपिन उर्फ गोधू की हत्या का बदला लेने के लिए जेल गए हत्यारोपी रामबीर उर्फ भूरा के भाई अंकुर नैन की चार सितंबर को दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे हत्या कर दी गई थी। इसमें कार सवार हत्यारोपियों ने पहली अंकुर की बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के भाई मोनू नैन ने विपिन के भाई आनन्द, विनय उर्फ बिच्छु, अनमोल को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। जबकि मन्नु, सुरेंद्र समेत तीन के नाम और सामने आए थे। पुलिस ने सभी हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार रात अहैडा मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिसकर्मियों की जवाबी फायरिंग में 25 हजार रुपये का इनामी आनन्द और अनमोल निवासी संतोषपुर पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इस घटना में शामिल बिच्छू, मन्नू और दो साजिशकर्ताओं को पहले ही जेल भेजा जा चुका हैं। आनन्द हत्याकांड का मुख्य आरोपी है, उसने ही विपिन की हत्या का बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया। इस मुकदमे में सतेंद्र और एक नाबालिग अभी भागे हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।