बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर से दुकान पर समान लेने जा रही एक महिला को कार में सवार दो युवक अगवा कर ले गए और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। जब गांववासियों ने पीछा किया तो वे उसे जंगल में फेंककर भाग निकले। महिला के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंगलवार को शाम के समय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में महिला घर से सामान लेने के लिए गांव में ही एक दुकान पर जा रही थी। तभी कार में सवार दो युवक आए और उसे खींचकर जबरन कार में डाल लिया और उससे अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर गांव के लोगों ने कार का पीछा किया तो वे उसे गांव के बाहर जंगल में फेंककर भाग गए। इससे महिला घायल हो गई। परिजन कोतवाली पहुंचे और अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों ने उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने कहा ऐसी सूचना मिली है, उसकी जांच कराई जा रही है।