ट्रक के पहिये के नीचे फंसे बाइक सवार को निकालने की कोशिश।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। जिंदगी और मौत के बीच शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर आधे घंटे तक संघर्ष चलता रहा। सैकड़ों लोग जमा थे। ट्रक के पहिये में फंसा बाइक सवार बचाने के लिए गिड़गिड़ता रहा। पुलिस और भीड़ उसे बचाने के लिए इंतजाम में जुटी रही। आखिरकार क्रेन मंगाकर उसे निकाला जा सका। घायल बाइक सवार को अस्पताल मेें भर्ती कराया।
जाके राखो साईयां मार सके ना कोए...यही कहावता चरितार्थ हुई बागपत के चौराहे पर। बागपत के पुराना कस्बा निवासी अनिल शहर के राष्ट्र वंदना चौक के पास से गुजर रहा था। तभी बड़ौत की ओर से एक ट्रक आया, जो मेरठ जा रहा था। बाइक सवार अनिल का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे घुस गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
वहां पर तैनात पुलिस वालों ने उसकी बाइक को तो निकाल लिया, लेकिन अनिल पहिये में फंस गया। पुलिस और लोगों ने मिलकर किसी तरह उसका पैर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ट्रक के जैक की मदद ली गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। करीब आधे घंटे तक यहां चीख-पुकार मची रही। पुलिस ने क्रेन मंगाई, इसके बाद पीड़ित को निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।