ट्रक ने बाइक में टक्कर मारी, एक की मौत, दूसरा घायल
अमीनगर सराय (बागपत)। मेरठ-बागपत मार्ग पर शनिवार की रात में सिंघावली अहीर थाने के निकट शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घायल को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
मेरठ जनपद के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर निवासी रक्षित त्यागी उर्फ प्रिंस (21) पुत्र विनोद और रजनीश (20) पुत्र रामोतार शनिवार शाम बाइक पर सवार होकर चांदीनगर थाना क्षेत्र के पांची गांव में शादी समारोह में आए थे। शनिवार की रात में 10 बजे वापस लौटते समय जैसे ही वह मेरठ-बागपत मार्ग पर सिंघावली अहीर थाने के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसमें रक्षित त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई और रजनीश गंभीर घायल हो गया। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर मौके पर पलट गया। चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने घायल युवक को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।