बागपत। संतोषपुर गांव के जंगल में हाईटेंशन लाइन का तार ट्रक में टकराने पर करंट लगने से चालक मिथिलेश कुमार (33) निवासी नवादा बिहार की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक से शव को निकाला।
बिहार के नवादा गांव निवासी मिथिलेश कुमार संतोषपुर गांव के जंगल स्थित ईंट भट्ठे पर ट्रक चलाकर मिट्टी ढुलाई करते थे। रविवार शाम मिथिलेश ट्रक में मिट्टी लेकर ईंट भट्ठे पर जा रहे थे। रास्ते में उनके ट्रक से हाईटेंशन लाइन का तार टकरा गया। इससे ट्रक में करंट उतर गया और मिथिलेश कुमार की माैत हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने ईंट भट्ठे पर हादसे की जानकारी दी तो भीड़ लग गई। पुलिस ने ट्रक चालक के परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी। इस मामले में जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि करंट लगने से चालक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।