बिनौली/बड़ौत(बागपत)। जिवाना गुलियान स्थित ईदगाह से नमाज अदा कर लौट रहे तीन लोगों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। बड़ौत के छपरौली मार्ग पर कब्रिस्तान में पोस्टर लगाने को लेकर सलीम और महबूब पक्ष आपस में भिड़ गए। वहीं जिवाना गुलियान निवासी आस मोहम्मद ने बताया कि दो दिन पहले बच्चों के झगड़े को लेकर कहासुनी हो गई थी।
शनिवार को आफताब, इकराम और खलील ईदगाह में नमाज पढ़कर वापस आ रहे थे। रास्ते में गांव के पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। उन्होंने तीनों की पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान पथराव भी किया गया, जिससे वहां भगदड़ मच गई और काफी देर तक हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार के लिए ले जाया गया। यहां आफताब की हालत गंभीर होने पर उसे पहले जिला अस्पताल और फिर मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। उधर, झगड़े में दूसरे पक्ष का सोनू भी घायल हो गया। घटना के बाद गांव में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है। जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर हमलावर समीर, सोनू, अमीर, रोहित, मोहसिन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
-कब्रिस्तान में पोस्टर लगाने को लेकर चले लाठी-डंडे
छपरौली रोड स्थित कब्रिस्तान में लगे पोस्टर पर फोटो को लेकर टिप्पणी करने पर सलीम व महबूब पक्ष में मारपीट हो गई। बताया कि महबूब पक्ष के लोगों के फोटो के साथ कब्रिस्तान में पोस्टर लगाए गए थे, जिसका उन्होंने विरोध किया। साथ ही सलीम पक्ष पर ही पोस्टर लगाने का आरोप लगाया। इसको लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। मारपीट में समीर और आसिफ घायल हो गए, जिनका सीएचसी में उपचार कराया गया। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा छपरौली चुंगी पर नसीम मलिक के बेटे साहिल और पड़ोसी आफताब में मामूली कहासुनी को लेकर मारपीट हो गई। जांच अधिकारी दीक्षित त्यागी का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।