ट्रक ने खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, महिला समेत तीन घायल
- सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफर किया, ट्रक व चालक हिरासत में
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर यमुनौत्री हाईवे पर बुधवार की देर रात एक बेकाबू ट्रक चालक ने खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक सहित चालक को हिरासत में लिया है।
बागपत से बड़ौत ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी, जिसमें कई लोग सवार थे। जैसे ही ट्रैक्टर हाईवे पर पहुंचा खराब हो गया। जब तक मिस्त्री आता लोग खाना खाने लगे। तभी गुड़गांव से हरिद्वार जा रहा बेकाबू ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार सचिन पुत्र विष्णु उनकी पत्नी अंजू निवासी बामनौली व छोटू पुत्र सत्यप्रकाश निवासी बंदपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक व उसके चालक शाहिद खान पुत्र साबिर निवासी आगरा को हिरासत में लिया है। अब तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।