बागपत। जिले में बृहस्पतिवार रात आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। आंधी के कारण बिजली के 48 खंभे टूट गए और 10 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे 100 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कई स्थानों पर पेड़ और उनकी टहनियां गिरने से बिजली लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। ऊर्जा निगम के कर्मी रातभर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। शनिवार शाम तक ही जिले के अधिकांश हिस्सों में आपूर्ति सुचारु हो सकी। चमरावल मार्ग पर अहैड़ा गांव के पास रास्ते में गिरे पेड़ों की टहनियों को स्थानीय लोगों ने हटाया। दुड़भा गांव के जंगल में एक बिजली का खंभा गिरने से भी आपूर्ति बाधित हुई। बड़ौत, बिजरौल, हिलवाड़ी, छछरपुर, तितरौदा, धनौरा सिल्वरनगर, बड़ावद, मवीकला, बामनौली, दाहा, बिनौली, कमाला और गढ़ी कांगरान जैसे गांवों में भी खंभे टूटने से रातभर बिजली नहीं रही। जिला मुख्यालय पर फॉल्ट ठीक कराकर बिजली आपूर्ति जल्द शुरू कर दी गई थी। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तक पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ा। उधर, अधीक्षण अभियंता जगदीश चंद्र यादव ने रात में बिजलीघर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। आंधी से रटौल क्षेत्र के आम के बागों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पेड़ों पर लगे आम का बौर टूटकर गिर गया, जिससे किसानों को आर्थिक हानि हुई।
-फाल्ट से घरों में लगे बिजली उपकरण फुंके
अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर गांव में आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई है। आंधी के कारण गांव का 100 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिससे करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने के साथ-साथ कई घरों में लगे बिजली के उपकरण भी फुंक गए, जिससे ग्रामीणों को बड़ा नुकसान हुआ है। गांव निवासी गौरव ने बताया कि नेपाल के घर में इन्वर्टर, लाला के घर का सबमर्सिबल, फ्रिज, कूलर, मोनू यादव का कूलर, फ्रिज, विनोद का इन्वर्टर, लाइटें, पंखे समेत अन्य उपकरण फुंक गए।
-स्कूल के गेट पर गिरा पेड़, बाहर खड़े रहे बच्चे
दोघट। कस्बे के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक के बाहर खड़ा नीम का एक विशाल पेड़ शुक्रवार को आई तेज आंधी के कारण टूटकर मुख्य गेट पर गिर गया। इससे स्कूल का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और सुबह स्कूल पहुंचे बच्चे, शिक्षक गेट के बाहर खड़े रहे। कड़ी मशक्कत के बाद ही टूटे हुए पेड़ को हटाया जा सका और गेट खोला गया। दिनेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल अधिकारियों को दे दी गई थी। वहीं बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही।
-8 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
अग्रवाल मंडी टटीरी। क्षेत्र के कई गांवों में आंधी के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूरजपुर महनवा, मीतली, बल्ली और निबाली जैसे गांवों में भी बिजली गुल रही। टटीरी कस्बे में आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे स्थानीय निवासियों को असुविधा हुई। वहीं, गांवों में दस घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें हुईं और उन्हें अंधेरे में रहना पड़ा।
-एक घंटा ठप रही जिला जेल की आपूर्ति
खेकड़ा। खेकड़ा स्थित जिला जेल जाने वाली बिजली लाइन के खंभे आंधी में झुक गए और दूसरी लाइन से टकरा गए। इससे फाल्ट होने के कारण जिला जेल की बिजली आपूर्ति करीब एक घंटे तक ठप रही। कस्तूरी लाल ने ऊर्जा निगम के अफसरों को इसकी तत्काल सूचना दी। बिजली गुल होने से जेल के कामकाज में भी कुछ समय के लिए बाधा आई।
वर्जन-आंधी की वजह से कई जगहों पर खंभे टूटने के कारण फाल्ट हो गया था। रात में कर्मियों और अफसरों को लगाकर फाल्ट ठीक कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई। -जगदीश चंद्र यादव, अधीक्षण अभियंता ऊर्जा निगम