-उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
फोटो-चार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद डॉ़ राजकुुमार सांगवान से मिला। उन्होंने ई-कॉमर्स पर रोक लगाने और टटीरी में ओवरब्रिज निर्माण के दौरान आ रही समस्या को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
उन्होंने बताया कि ई-कॉमर्स कंपनी पुराना स्टॉक खत्म करने के लिए व्यापारियों व लोगों को सस्ते में सामान बेचने का लालच देती है। ऐसे में छोटे व्यापारियों पर इसका असर पड़ रहा है। लोगों के पास जो पुराना स्टॉक जाता है, वह खराब आता है। यह कंपनी लोगों को ठगने का कार्य कर रही है। इससे खुदरा व्यापारियों का कारोबार समाप्त हो गया है। वहीं टटीरी में ओवरब्रिज निर्माण के दौरान रास्ते की समस्या भी सांसद के सामने रखी। कहा कि इससे टटीरी का व्यापार प्रभावित हो गया है। पहले बाइकों के निकलने के लिए रास्ता खोला गया था, लेकिन अब उसे भी बंद कर दिया गया है। ऐसे में कस्बे के लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हाे रही है। उन्होंने सांसद को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के निस्तारण की मांग की। सांसद ने जल्द ही रेलवे के अधिकारियों को बुलाकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता, महामंत्री पंकज गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष ईश्वर दयाल अग्रवाल, युवा जिलाध्यक्ष संजय गर्ग, राजीव गोयल सभासद, अशोक गोयल, विकास गोयल, सुनील गोयल, सचिन गुप्ता मौजूद रहे।