बागपत। वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं के आंदोलन को व्यापारियों ने समर्थन दे दिया। इसके चलते बुधवार को जिलेभर के बाजार बंद रहेंगे और अधिवक्ता जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौपेंगे।
जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री अजीत सिंह ने बताया कि वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर बुधवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहकर आंदोलन करेंगे। केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर जिले की तीनों तहसील में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर बाजार बंद कराने के लिए व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान बागपत, बड़ौत और खेकड़ा के व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने समर्थन पत्र भी दिया। बुधवार को जिला बार के अधिवक्ता जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचकर हाईकोर्ट बैंच की मांग करेंगे।