ट्रैक्टर की टक्कर से क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : BARAUT
साइड न देने पर ट्रैक्टर चालक ने कार में मारी टक्कर, मारपीट की
बड़ौत। नगर के पठानकोट मोहल्ले में साइड न देने पर ट्रैक्टर चालक ने कार में टक्कर मारकर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और चालक के साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं आरोपियों ने अपने साथियों के साथ कार चालक की रिश्तेदार सभासद के घर पर हमला बोल दिया। जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। इस संबंध में कार चालक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
दिल्ली के लक्ष्मीनगर स्थित ईस्ट लक्ष्मी मार्केट के रहने वाला जुबैद शुक्रवार की देर रात अपनी कार से नगर के पठानकोट मोहल्ले में अपनी बुआ जाहिदा के घर जा रहा था, जो वार्ड 23 की सभासद है। पठानकोट मोहल्ले में उर्दू कालोनी में बुग्गी खड़ी थी। सामने से एक ट्रैक्टर आ रहा था। उसने ट्रैक्टर चालक से साइड मांगी तो चालक गाली गलौच करने लगा। आरोप लगाया कि ट्रैक्टर-चालक ने कार में टक्कर मारकर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और जुबैद के साथ भी मारपीट की। इस दौरान वहां पर मौजूद गणमान्य लोगों ने बीच बचाव कराया।
आरोप है कि जब जुबैद अपनी बुआ के घर पहुंचा तो आरोपी नौ से दस लोग उसकी बुआ के घर पहुंचे और उनके मकान पर हमला बोल दिया। इससे लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को देख हमलावर भाग निकले और जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी दे गए। इस संबंध में कार चालक जुबैद ने कोतवाली में तहरीर दी। उधर, सभासदों ने भी कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि कार चालक जुनैद ने कोतवाली में तहरीर दी है जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।