एक्सप्रेस-वे से गुजरे नहीं और फास्टैग खाते से वसूल लिया टोल
बागपत। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की ओर से शुरू किए गए फास्टैग में वाहन चालक कई खामियां गिना रहे हैं। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों का कहना है कि मैसेज समय पर नहीं मिलते। मवीकलां के आटा चक्की व्यापारी का कहना है कि घर खड़ी गाड़ी का फास्टैग खाते से चार बार शुल्क कट चुका है। एनएचएआई और अन्य जगह शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
मवीकलां गांव निवासी संजीत कुमार सोनीपत के बहालगढ़ में आटा चक्की चलाते हैं। संजीत ने बताया कि उसने अपनी सेंट्रो कार एचआर 26 एके 6349 पर फास्टैग लगवाया था। वह मवीकलां और कुंडली टोल प्लाजा से गुजरते हैं। पहले कई बार नियमानुसार टोल कटता रहा। लेकिन पिछले दिनों उसने अपने घर पर गाड़ी खड़ी कर दी, इसके बावजूद उसके खाते से एक या दो नहीं बल्कि चार बार टोल कटा। अब तक उसके खाते से 1500 रुपये कट गए। वह एनएचएआई के अधिकारियों के पास पहुंचा, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उसके पेटीएम वॉलेट से लगातार रुपये कट रहे हैं।
इस तरह कटते हैं रुपये
आटा चक्की व्यापारी का कहना है कि खाते से कभी 25, कभी 15 और कभी 50 रुपये कटने का मैसेज आता है। एक बार 115 रुपये का टोल भी काटा गया। टोल अधिकारियों के पास पहुंचा और टोल कटने के बारे में जानकारी दी। टोल अधिकारियों ने फास्टैग की कमी बता दी, इस पर उसने फास्टैग कंपनी से बात की तो उसने टोल की तकनीकी खामी बता दी।