खेकड़ा के लखमीचंद पटवारी में मतगणना के लिए तैयार हुआ मतदान केन्द्र
- फोटो : amar ujala
बागपत। इंतजार की घड़िया खत्म हुई। एक माह पहले ईवीएम में कैद हुआ जनादेश आज जनता के सामने होगा। खेकड़ा के लख्मीचंद पटवारी कॉलेज में पुलिस सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। तीनों विधानसभा सीटों के नतीजे दोपहर तक ही आ जाने की संभावना है।
विधानसभा बागपत, बड़ौत और छपरौली में मतदान पहले चरण में 11 मार्च को हुआ था। डीएम हृदय शंकर तिवारी ने बताया कि लख्मीचंद पटवारी कॉलेज में शनिवार को तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना कराई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा की गिनती 14 टेबल पर होगी, इसके अलावा तीनों विधानसभा के चुनाव अधिकारियों की एक-एक टेबल रहेगी। कॉलेज में इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। पर्यवेक्षक मणिमाला, सनोज कुमार झा और पीएस जवाहर भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। प्रत्याशियों के अभिकर्ता अपनी-अपनी विधानसभा की गिनती के दौरान ही मौजूद रह सकेंगे, उन्हें एक-दूसरे की विधानसभा की गिनती में जाने की छूट नहीं होगी।
बागपत-बड़ौत में 21, छपरौली में 23 राउंड
सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया कि बागपत और बड़ौत विधानसभा क्षेत्रों की गिनती 21-21 राउंड में पूरी हो जाएगी, जबकि छपरौली की गिनती 23 राउंड में पूरी होगी। प्रत्येक विधानसभा के चरण एक साथ पूरे किए जाएंगे।
सबसे पहले खुलेंगे पोस्टल बैलेट
सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया कि सबसे पहले रिटर्निंग ऑफिसर के टेबल पर पोस्टल बैलेट पेपर की गणना निर्धारित विधि से कराई जाएगी। इसके लिए करीब आधे घंटे का समय निर्धारित है। जिले में करीब दो हजार पोस्टल बैलेट हैं। आधे घंटे में भी अगर इनकी गिनती पूरी नहीं हुई, इसके बावजूद ठीक आठ बजे ईवीएम से मतगणना आरंभ करा दी जाएगी। पोस्टल की गिनती में देरी से ईवीएम की गिनती में देरी नहीं होने दी जाएगी।