विश्व रक्तदान दिवस पर बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अग्रवाल मंडी टटीरी में रक्तदान कैंप का आयोजन किया जाएगा। डीएम भवानी सिंह खंगारौत कैंप का उद्घाटन करेंगे। विभिन्न संगठनों ने भी जन जागरूकता अभियान चलाया और लोगों को प्रेरित किया।
बुधवार को अग्रवाल मंडी टटीरी की अग्रवाल धर्मशाला में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान कैंप का आयोजन होगा। लायंस क्लब अग्रवाल मंडी टटीरी और जिला चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित कैंप सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक चलेगा। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अनुराग वार्ष्णेय ने बताया रक्तदान करने वाला व्यक्ति स्वस्थ रहता है। कैंसर जैसी बीमारियों से छुटकारा मिलता है। रक्तदान से ब्लड प्रेशर सही रहता है और रक्तदान करने से नुकसान नहीं है।
लायंस क्लब अग्रवाल मंडी टटीरी के मुख्य संयोजक लायन अभिमन्यु गुप्ता, अध्यक्ष लायन हंसराज गुप्ता, आलोक भटनागर, डॉ. कमला अग्रवाल, दीपक गोयल, पंकज गुप्ता, ईश्वर अग्रवाल, सचिन सिंघल, प्रवीण गुप्ता, प्रमोद गुप्ता और राजीव गर्ग ने मीटिंग कर लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा रक्तदान पुण्य कार्य है, इससे किसी की जान बचाई जा सकती है। सभी लोगों को रक्तदान के कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए।
उधर, जयभारत माता जन कल्याण सेवा ट्रस्ट की सचिव शबनम त्यागी ने नौरोजपुर गुर्जर गांव में महिलाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा रक्तदान पुण्य कार्य है, इससे जीवन बचाया जा सकता है, इसका कोई विकल्प नहीं है। लोगों को सहयोग करना चाहिए।
युवा शक्ति किसान क्लब सरूरपुर कला के अध्यक्ष सुभाष नैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से आह्वान किया कि वह रक्तदान जरूर करें। इससे डोनर का शरीर स्वस्थ रहता है और किसी तरह का नुकसान नहीं होता।
अहिंसा सेवा ट्रस्ट ने किया प्रेरित
चांदीनगर। अहिंसा सेवा ट्रस्ट खट्टा प्रहलादपुर ने विश्व रक्तदान दिवस पर अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। गांव में संगठन ने मीटिंग बुलाई और कहा ग्रामीणों को अभियान में सहयोग करना चाहिए।
अध्यक्ष राकेश जैन और रणवीर चौधरी ने कहा इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता है। इसमें लवकुश, दीपक जैन, मयंक, विकास रावत, कर्ण, कंवर पाल, प्रवेश, दिनेश, वंदना, प्रीति, सारिका, वासुदेव, गोपाल मौजूद रहे। ब्यूरो