कोहरे, शीत लहर से जनजीवन प्रभावित
- फोटो : amar ujala
बागपत के टीकरी कस्बे में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सलेमू (60) टीकरी कस्बे के रहने वाले थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात खाना खाकर वे कमरे में सोने के लिए चले गए। देर रात उन्हें अचानक अत्यधिक ठंड लगने लगी और कंपकंपी छूट गई। परिजनों ने बताया कि उन्हें दवा दी गई, लेकिन राहत नहीं मिली। बुधवार तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से कस्बे में शोक की लहर है।
कोहरे, शीत लहर से जनजीवन प्रभावित
बड़ौत(ब्यूरो)। मौसम के बदलते मिजाज और शनिवार की रात से बारिश के साथ शुरू हुई सर्द हवाओं से लोगों को अभी तक राहत नहीं मिल पा रही है। बुधवार को दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाले ट्रेनों में यात्रियों का अभाव रहा। कड़ाके की ठंड से साधन विहीन लोग ठंड से ठिठुरने को मजबूर है। शासन से की गई व्यवस्था भी गरीबों के लिए अपर्याप्त साबित हो रही है। शनिवार की रात तेज बारिश के साथ शुरू हुई सर्द हवाओं से ठंड में और बढ़ोतरी हुई है। शाम होते ही लोग कंबल और रजाई में दुबक जाते हैं। लोग घरों से कम ही निकल रहे हैं। यहीं कारण है कि बुधवार को दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाली अधिकांश ट्रेनें खाली रही। स्टेशन अधीक्षक पीके बोस के अनुसार जिन लोगों को जरूरी काम है, सिर्फ वे ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं, नहीं तो अधिकांश लोग ठंड से बचने के लिए घरों में ही समय बीता रहे हैं। उन्होंने बताया कि ठंड के कारण ही इस रूट पर चलने वाले यात्रियों मेें भी काफी हद तक कमी आई है।