संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। सांकरौद गांव के किसानों का रेत खनन ठेकेदार के खिलाफ चल रहा धरना बुधवार को भी जारी रहा। रालोद के जिला पंचायत सदस्य सुभाष गुर्जर ने धरनास्थल पर पहुंच कर अपना समर्थन दिया।
धरना स्थल पर हुई बैठक में किसानों का कहना था कि प्रशासनिक अधिकारी उनकी मांग को पूरा नहीं करा रहा है। शायद वह उनके आंदोलन को हल्के में ले रहा है। यदि समय रहते रेत खनन का पट्टा निरस्त नहीं कराया गया तो वे आंदोलन को बड़ा रूप देने पर विवश हो जाएंगे। इसके लिए प्रशासन ही जिम्मेदार होगा। इस दौरान धरने में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य सुभाष गुर्जर ने कहा कि खनन माफिया अवैध खनन कर जमीन को बर्बाद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से सांकरौद की कृषि भूमि यमुना नदी के हरियाणा की ओर चली जाएगी और जिले की जमीन पर हरियाणा के किसानों कब्जा हो जाएगा। धरने में रामकृपाल सिंह, जयभगवान सिंह, देवेंद्र धामा, प्रवीण धामा, प्रधान इंद्रजीत, जगपाल सिंह, पप्पू धामा, राजीव धामा, सेंसरपाल, रामअवतार, कृष्ण फौजी, विक्रम सिंह, राममेहर, काला, धीरज मौजूद रहे।