- बड़ौत में बिजरौल और बिनौली रोड के साथ टटीरी में होगा निर्माण, जाम से मिलेगी मुक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में तीन रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज बनेंगे। इनमें बड़ौत में बिजरौल व बिनौली रोड और अग्रवाल मंडी टटीरी शामिल है। 115 करोड़ की लागत से बनने वाले इन ओवरब्रिज की टेंडर प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। ओवरब्रिज बनने के बाद तीनों स्थानों पर फाटक बंद रहने से लगने वाले जाम से छुटकारा भी मिल जाएगा।
फाटक की वजह से लगता है लंबा जाम
बिजरौल और बड़ौत रोड के साथ ही मेरठ रोड पर रोजाना काफी ट्रैफिक रहता है। यह फाटक देर तक बंद रहने से लंबा जाम लग जाता है। इससे लोगों को बड़ी परेशानी होती है। कई बार मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं। ओवरब्रिज का निर्माण होने के बाद लोगों के समय की बर्बादी भी नहीं होगी। इसके अलावा जाम से भी राहत मिलेगी। इन तीनों रेलवे फाटक पर पुल का निर्माण कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
क्या कहते है स्थानीय लोग
बिजरौल रोड और बिनौली रोड पर रेलवे फाटक है। जहां ट्रेन आने-जाने के समय भीषण जाम लग जाता है। जिससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। फाटकों पर पुल का निर्माण होने से नगर के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को जाम से निजात मिल जाएगी। - पूनम जैन, बड़ौत।
रेलवे फाटकों पर पुल का निर्माण होने से कस्बे के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लोगों को न केवल जाम से निजात मिलेगी बल्कि लोगों को समय की बचत होगी। - पारूल त्यागी, बड़ौत
अग्रवाल मंडी टटीरी में फाटक बंद होने पर कई बार लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा हैं। गर्मी में तो जाम में फंसकर लोगों की हालत ज्यादा खराब हो जाती है। अब इस पर ओवरब्रिज बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। - नरेश चौधरी, अग्रवाल मंडी टटीरी।
रेलवे फाटक पर ट्रेनों का आवागमन होने पर फाटक काफी देर तक बंद रहता है। इससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। -मनोज जैन, अग्रवाल मंडी टटीरी।
तीनों फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। भाजपा सरकार आने के बाद इस पर ध्यान दिया गया। तीनों फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण के लिए 115 का बजट पास हो चुका है। जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस पुल के निर्माण होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र के लोगों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह।