आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर औद्योगिक पुलिस चौकी पर दिया धरना
एसआई व कांस्टेबल को हटाने की मांग पर अड़े, आश्वास पर हटे
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कोतवाली क्षेत्र की एक युवती को प्रेम-जाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में धर्म परिवर्तन कराकर जबरन शादी करने का दबाव बनाने के मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने औद्योगिक पुलिस चौकी पर धरना दिया। कार्रवाई न करने वाले एसआई और कांस्टेबल को हटाने की मांग पर अड़ गए। पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। सीओ के आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
मंगलवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष अंकित बड़ौली और युवा जिलाध्यक्ष नितिन जैन के नेतृत्व में पीड़ित युवती को लेकर औद्योगिक पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। पीड़ित युवती ने बताया कि 2020 में दूसरे वर्ग के युवक ने प्रेम-जाल में फंसाकर उससे शारीरिक संबंध बना लिए थे। आरोपी धर्म परिवर्तन कराकर शादी करने का दबाव बनाने लगा था। पता चलने पर युवती के परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया था। आरोप है कि आरोपी युवक हाल में जमानत पर आया हुआ है और युवती पर समझौता का दबाव बना रहा है। जब पीड़िता ने इसकी शिकायत औद्योगिक पुलिस चौकी पर की तो वहां तैनात एसआई और कांस्टेबल ने उसके साथ अभद्रता की। इस पूरे प्रकरण को लेकर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। करीब एक घंटे बाद सूचना पर पहुंचे सीओ आलोक कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तो कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने बागपत कोतवाली में भी हंगामा किया था।
इस दौरान प्रांत मंत्री मधुसूदन शास्त्री, किशोर चौहान, जयकुमार तोमर, सत्यवीर ठाकुर, कपिल शर्मा, दीपक, मानव, राजीव, अशोक शर्मा, हिमांशु कौशिक मौजूद रहे।
इस प्रकरण में पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज है। यदि इसके बावजूद आरोपी युवती को परेशान करता है तो उसके खिलाफ एक ओर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। कोर्ट से लौटते वक्त आरोपी युवक द्वारा युवती से मारपीट के मामले में बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो चुका है। एसआई व कांस्टेबल पर लगे अभद्र व्यवहार करने के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - आलोक कुमार, सीओ बड़ौत।