बड़ौत। हिलवाड़ी गांव में कृष्णपाल हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी ने तीन टीमें गठित की हैं। सोमवार को गठित टीमों ने गांवों में दबिशें दी और पूछताछ के लिए चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि अभी भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। उधर, गांव में तनाव को देखते हुए अभी भी पुलिस बल तैनात किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम ही गमगीन माहौल में कृष्णपाल का अंतिम संस्कार किया गया।
हिलवाड़ी गांव में रविवार को विभोर, विशाल पुत्रगण प्रमोद ने अपने भाई विक्की की हत्या का बदला लेने के लिए कृष्णपाल की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए थे। आरोपियों के साथ कई और लोग भी मौजूद थे। इस हत्याकांड में कृष्णपाल के भाई मांगेराम ने दोनों भाइयों विशाल व विभाेर को नामजद करते हुए कई लोगों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं देर शाम पुलिस बल की मौजूदगी में पीएम के बाद गमगीन माहौल में कृष्णपाल का अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में एसपी अर्पित विजयविर्गीय ने कोतवाली पुलिस, एसओजी व सर्विसलांस की तीन टीमें गठित की हैं, जो लगातार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिशें दे रही हैं। सोमवार को भी टीम ने हिलवाड़ी गांव के जंगल के अलावा बड़का, वाजिदपुर, गुराना, निरपुडा आदि गांवों में दबिश दी और पूछताछ के लिए चार से पांच लोगाें को हिरासत में लिया।
वर्जन
आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने हिलवाड़ी, बड़ौत आदि कई स्थानों पर दबिश दी। वहीं कार्रवाई के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। हालांकि अभी आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके हैं। जल्द ही वह पुलिस गिरफ्त में होंगे। - इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह