बागपत। शहर में बड़ौत रोड समेत कई अन्य जगहों पर गांजा बेचे जाने का स्टिंग ऑपरेशन होने के बाद पुलिस हरकत में आई। एसपी ने गांजा तस्करों की तलाश में पुलिस लगाया तो बागपत कोतवाली और सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन तस्करों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर भांग के ठेके के पास ही गांजा सप्लाई और बेचने का मामला सामने आया था। अमर उजाला के स्टिंग ऑपरेशन में दो लोग गांजा बेचते हुए मिले और वहां गांजा खरीदने वालों की लाइन लगी मिली। इसके अलावा शहर में शालीग्राम मंदिर के पास परचून की दुकान, पक्का घाट, सिंघावली अहीर थानाक्षेत्र समेत कई जगहों पर गांजा बेचने का मामला भी सामने आया था। इसका खुलासा होने के बाद पुलिस हरकत में आई और बुधवार को जिलेभर में छापा मारा गया।
बागपत कोतवाली पुलिस ने भांग के ठेके के पास गांजा बेचने वाले की पहचान करके गौरीपुर मोड से पकड़ लिया जो हरदोई के हरपालपुर का रहने वाले अनुज है। इसके अलावा सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने डौला गांव में छापामारी कर कमरजहां और समरजहां को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया। जिनसे 3.15 किलो गांजा और गांजा बेचने से प्राप्त 13 हजार रुपये की नकदी बरामद की। बागपत पुलिस ने कई जगह दबिश डाली, लेकिन अन्य आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। एसपी अर्पित विजयवर्गीय का कहना है कि बड़ौत और खेकड़ा में भी गांजा तस्करों की तलाश में छापामारी की गई। गांजा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।