बागपत। जिले में लंपी रोग का कहर बढ़ता जा रहा है। दाहा, तमेलागढ़ी व गैडबरा में चार गोवंशों की मौत हो गई। इससे पशुपालकों में दहशत है। गांवों में लंपी रोग फैलने से 36 गांवों में 126 गोवंश बीमार हो गए। पशुपालन विभाग की सर्विलांस टीमें पशुओं को ट्रैक करने में जुटी हैं और लक्षण मिलने पर उनका उपचार किया जा रहा है।
लंपी रोग की ट्रैकिंग के लिए बागपत के पशु चिकित्सालय परिसर में बने कंट्रोल रूम पर लगातार फोन घनघना रहा है। पशुपालक अपने पशुओं के लक्षण बताकर लंपी रोग की जानकारी जुटा रहे हैं। जिसमें बुधवार तक जिले में 25 गांवों के 56 गोवंश लंपी रोग से ग्रस्त मिले, जबकि बृहस्पतिवार को 70 गोवंशों में लंपी रोग के लक्षण मिले। बृहस्पतिवार तक जिले के 36 गांवों के 126 गोवंश लंपी से ग्रस्त हो गए।
दाहा गांव में लंपी रोग से ग्रस्त पशुपालक कुर्मी का बैल, गुरमीत का बैल, गैडबरा गांव के पूर्व प्रधान विक्त्रस्म सिंह के बैल व तमेलागढ़ी गांव निवासी सुबोध की एक गाय की लंपी रोग से ग्रस्त होने के बाद मौत हो गई। पशुपालन विभाग की टीमों ने लंपी से ग्रस्त गोवंशों को अलग रखवाया और पशुपालक को दवाइयां देकर सावधानी बरतने की सलाह दी। पशुपालक अपने गोवंशों को लंपी रोग से बचाने की कवायद में जुटे हुए हैं।
- कुर्डी नांगल में आठ गोवंशों में मिला लंपी रोग
लंपी रोग का कहर बढ़ने के साथ गांवों में कई गोवंशों में लंपी रोग के लक्षण मिल रहे हैं। दाहा में 15 गोवंशों में लंपी रोग के लक्षण मिले, जबकि एक गोशाला के चार गोवंश लंपी रोग से ग्रस्त मिले। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने के बाद कुर्डी नांगल गांव पहुंचकर जांच की तो आठ गोवंश लंपी रोग से ग्रस्त मिले। जिनका उपचार शुरू कर दिया गया है।
--
हैलो सर, मेरा गोवंश चारा नहीं खा रहा
लंपी रोग को लेकर पशुपालक डरे हुए हैं, जिसके चलते गोवंशों की तबियत खराब होते ही लंपी रोग से बचाव के लिए बने कंट्रोल रूम पर फोन कर जानकारी दे रहे है। कई बार गोवंशों के चारा कम खाने व अन्य बीमारी होने पर भी कंट्रोल रूम पर सूचना दी जा रही है। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डा. सोमदेव चौहान ने बताया कि पशुपालकों द्वारा बताए गए लक्षण के अनुसार सलाह दी जा रही है।
--
वर्जन-
लंपी रोग नियंत्रण के लिए गठित की गईं टीमें दिनभर क्षेत्र में पशुपालकों को जागरूक कर रहीं हैं और ग्रस्त गोवंशों का उपचार किया जा रहा है। दाहा में एक गोवंश की मौत हो गई है, गैडबरा व तमेलागढ़ी में गोवंश की मौत होने का पता किया जा रहा है। लंपी से बचाव के लिए वैक्सीन आते ही टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। डॉ. रमेश चंद्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी।