बड़ौत। प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने दबिश देकर ग्राम प्रधान के दो पुत्रों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उनको न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोताना गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में तैनात हेड मास्टर देवेंद्र निवासी लुहारी के साथ बृहस्पतिवार सुबह कक्षा दो में दाखिला न करने को लेकर एक वर्ग के युवकों ने मारपीट की थी। आरोपियों ने विरोध करने पर शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता करते हुए वीडियो भी बनाई थी। प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार ने कोतवाली में मोहसीन, राशिद, नदीम और आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को एसपी नीरज जादौन ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर गांव से ही ग्राम प्रधान के बेटे नदीम, आमिर सहित राशिद को गिरफ्तार किया है, जबकि मोहसीन फरार हो गया। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि पकड़े गए नदीम, आमिर ग्राम प्रधान मुकीद के पुत्र हैैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।