बागपत। गौना गांव के पशुओं के डाक्टर से लूट में किरकिरी होने पर चांदीनगर पुलिस बैकफुट पर है। मारपीट का दावा करने वाली पुलिस ने दर्ज मुकदमे में लूट की धारा भी बढ़ाई है। पुलिस ने तीनों लुटेरों को गिरफ्तार कर नकदी व मोबाइल भी बरामद किया।
बता दें कि 12 मार्च की शाम अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर गौना गांव के पशुओं के डाक्टर शुभम को फोन कर बेसहारा गोवंश का इलाज करने के लिए सरफाबाद जंगल बुलाया था। गोवंश के नहीं मिलने पर जब शुभम वापस लौटने लगे थे तो पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाश ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया था। मारपीट कर बदमाश तमंचे के बल पर तीन हजार रुपए व मोबाइल फोन लूटकर फरार हुए थे। पीड़ित ने थाने पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर दी थी। लेकिन तत्कालीन इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने आपसी मारपीट होने का दावा कर घटना को मारपीट में ही दर्ज किया था। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पीड़ित के साथ एसपी से शिकायत करते हुए थाने का घेराव भी किया था। मामले में किरकिरी होने पर पुलिस बैकफुट पर आ गई और दर्ज मुकदमे में लूट की धारा बढ़ा दी। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस ने टुकाली निवासी अभिषेक पुत्र देवेंद्र, प्रियांशु पुत्र प्रमोद, आकाश पुत्र राजू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने लुटेरों से 1500 रुपए और मोबाइल बरामद किया है। इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर नगदी व मोबाइल बरामद करने का दावा किया है।