16 मार्च को मंडलायुक्त के सामने शराब के खिलाफ बिजरौल गांव की महिलाओं ने खोला था मोर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। पंचायत चुनाव मेें प्रत्याशियों द्वारा शराब बांटने का विरोध करने वाली बिजरौल गांव की महिलाओं को धमकियां देने का मामला प्रकाश में आया है। महिलाओं ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की है।
16 मार्च को बिजरौल गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया था, जिसमें मंडलायुक्त सतेंद्र कुमार, डीएम राजकमल यादव, एसपी अभिषेक सिंह, एसडीएम दुर्गेश मिश्र व सीओ आलोक कुमार भी मौजूद रहे थे। इस दौरान ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं ने मंच से चुनाव में बंटने वाली शराब का मुद्दा उठाया था। कहा था कि कि पंचायत चुनाव में जो भी प्रत्याशी शराब बांटकर वोट मांगेगा, महिलाएं उसका बहिष्कार कर विरोध करेंगी। गांव में शराब नहीं बंटने दी जाएगी। अब चुनाव के चलते गांवों में दावतों का दौर शुरू हो गया है। इन महिलाओं का आरोप है कि कुछ लोगाें ने चुनाव होने तक शराब बांटने का विरोध न करने की धमकी दी है। उन्होंने पुलिस से इस मामले की शिकायत की है।
इस संबंध में सीओ आलोक कुमार सिंह का कहना है कि मामला अभी तक संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा है तो कोतवाली पुलिस को भेजकर दबाव बनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।