बागपत। एडीजी राजीव सब्बरवाल ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पुलिस महकमा प्रतिबद्ध है। उन्होंने आपराधिक छवि वाले लोगों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट देखी। साथ ही कहा कि असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। चाहे वो किसी भी राजनीतिक पार्टी से हों।
एडीजी ने जिले में 19 अप्रैल को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक में उन्होंने अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि शराब बेचने वालों पर पुलिस कड़ी नजर रखे। यदि कोई शराब बेचते हुए मिले तो उसे तत्काल जेल भेजा जाए। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों या माहौल खराब करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक कर लोगों को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में पुलिस के सहयोग के लिए प्रेरित किया जाए। कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एसपी अभिषेक सिंह, एएसपी मनीष कुमार मिश्र, सभी क्षेत्राधिकारी, चुनाव सेल प्रभारी, रेडियो, शाखा, परिवहन शाखा, प्रभारी यातायात आदि मौजूद रहे।