खेकड़ा। कस्बे में शुक्रवार रात चोरों ने सात किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया। चोरों ने ताले तोड़कर और दीवारें उखाड़कर लाखों रुपये के विद्युत उपकरण और कीटनाशक दवाइयां चोरी कर लीं। इस घटना से किसानों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है।
मोहल्ला रामपुर के रहने वाले ब्रह्मपाल सिंह, अजित कुमार, जयबीर, संजीव धामा, राकेश धामा, राजेंद्र सिंह और प्रवीन धामा के खेतों में यह वारदात हुई। किसानों ने बताया कि उनके खेत बड़ागांव मार्ग पर स्थित हैं। शुक्रवार रात चोरों ने उनके नलकूपों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद नलकूपों की दीवारें उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने नलकूपों से केबल, स्टार्टर, कटआउट जैसे महत्वपूर्ण विद्युत उपकरण चुरा लिए। इसके साथ ही खेतों में उपयोग की जाने वाली कीटनाशक दवाइयां भी चोरी कर ली गईं। सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो उन्होंने नलकूपों के टूटे ताले और उखड़ी हुई दीवारें देखीं। इससे उन्हें चोरी की घटना का पता चला। किसानों ने तत्काल कोतवाली में पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरों का पता लगाकर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।