अभी तक परीक्षाफल के आधार पर छात्र करते थे 11वीं में मुख्य विषय का चयन
कोरोना को देखते हुए इस बार सीबीएसई ने दसवीं की परीक्षा कर दी है रद
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) ने दसवीं बोर्ड की परीक्षा रद करने के साथ ही इस बार छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर प्रोन्नत करने का निर्णय लिया है। ऐसे में छात्रों के मन में सवाल है कि आखिर ग्यारहवीं मेें वे किस आधार पर मुख्य विषय का चयन करेंगे। दरअसल, दसवीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्र रुचि और विषयों में मिले अंकों के आधार पर ग्यारहवीं में विषय का चयन करते थे। मगर, इस बार परीक्षा नहीं होगी। ऐसे मेें अंक देने को लेकर बोर्ड कौन सा तरीका अपनाएगा, इसको लेकर संशय है।
ये बोले छात्र
वनस्थली पब्लिक स्कूल के छात्र आर्यन, सन्नी कुमार का कहना है कि प्रोन्नत होने के बाद विषय का चयन करेंगे। फिलहाल गणित विषय से आगे की पढ़ाई जारी रखेंगे। इसमें हमारी शुरू से ही अधिक रुचि रही है।
छात्र विवेक तोमर व वंश तोमर का कहना है कि जिस विषय मेें बेहतर करेंगे, उसी विषय को अगली कक्षा के लिए चयन करेंगे। फिलहाल प्रतीक्षा कर रहे है कि बोर्ड के प्रोन्नत करने का आधार क्या होगा। परिणाम आने पर हम निर्णय लेंगेे।
ये बोले प्रधानाचार्य
वनस्थली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह का कहना है कि कोरोना से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सीबीएसई ने परीक्षा रद कर प्रोन्नत करने का फैसला लिया है। ऐसे में बच्चों का कॅरियर को लेकर चिंतित होना स्वाभाविक है। बेहतर ये है कि वे तय करें कि आने वाले समय मेें क्या करना चाहते है और उसी के मुताबिक विषय चयन करें।
चौधरी केहर सिंह स्कूल के प्रधानाचार्य जेपी सिंह का कहना है कि बच्चों की रुचि का ध्यान रखते हुए ही उन्हें विषय चयन की अनुमति मिलनी चाहिए। ताकि वे अगली कक्षा में अपना बेहतर प्रदर्शन जारी रख सके।