-भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार की गोद में बैठी है रालोद, किसान खुद उठाएंगे आवाज
फोटो संख्या 5संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की बात सुनने और समस्याओं का समाधान करने वाला कोई नहीं है। सरकार के खिलाफ जल्द बड़ा आंदोलन करना होगा, इसके लिए किसान अपने ट्रैक्टर तैयार रखें।
राकेश टिकैत रविवार को बावली गांव में किसानों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मिल मालिकों ने सोची समझी रणनीति के तहत किसानों का बकाया भुगतान रोकना शुरू कर दिया है। किसान बकाया भुगतान की मांग को लेकर अपनी लड़ाई लड़ते रहें और गन्ना मूल्य में वृद्धि तक उनकी सोच ही न जाए। रालोद पर तंज कसते हुए कहा कि बागपत में रालोद खुद को किसानों की पार्टी कहती है, लेकिन रालोद ही सरकार की गोद में जाकर बैठ गई। किसानों को अपनी समस्याओं के लिए खुद खड़ा होना होगा। प्रदेश में होने वाले उप चुनाव के बारे में राकेश टिकैत ने बताया कि ये चुनाव सरकारों के होते हैं। इनमें वह किसी को जीतने नहीं देंगे। मलकपुर मिल का भुगतान यहां से नहीं मोदीनगर से होगा। मोदी ग्रुप की मिल के साथ अन्य फैक्टरियों को बंद कराकर आंदोलन किया जाए तो भुगतान हो जाएगा। सरकार को किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करना चाहिए। इस मौके पर मनोहर सिंह तोमर, कवरपाल, कुलदीप प्रमुख, शेखर, गौरव, राजेन्द्र आदि शामिल रहे।