लोगों ने कोरोना कर्फ्यू के दौरान उड़ाई गाइडलाइन की धज्जियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। साप्ताहिक बंदी के दूसरे दिन रविवार को भी नगर के बाजारों में खूब चहल-पहल रही। बाजार में पहुंचे लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर खरीददारी की। सब्जी और फलों की दुकानों पर लोग एक-दूसरे से सटकर खरीदारी करते नजर आए।
कोरोना महामारी के चलते शासन व प्रशासन ने सप्ताह में दो दिन शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी के निर्देश दिए हैं। साप्ताहिक बंदी के बावजूद रविवार को दूसरे दिन भी कुछ दुकानदार प्रतिष्ठान खोलकर बैठ गए। दुकानदार शटर आधा डालकर दुकानों के सामने बैठे रहे और ग्राहक के आने पर सामान की बिक्री करते नजर आए। बाजार पहुंचे लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर खरीदारी की। सब्जी की दुकानों और फलों के ठेलों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। वे एकदूसरे से सटकर खरीदारी करते नजर आए। बाजार पहुंचे लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। नगर के बड़ा बाजार और शौकत मार्केट में लोगों की दिनभर आवाजाही रही। दुकानदारों ने भी लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन नहीं कराया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि संक्रमण से बचाव के लिए एतिहात बरतना जरूरी है। उन्होंने लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया है।