मेरठ रोड स्थित बिजलीघर के बाहर रखा 400 केवी का इमरजेंसी ट्रांसफार्मर फुंक
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मेरठ रोड स्थित बिजलीघर के बाहर रखा 400 केवी का इमरजेंसी ट्रांसफार्मर फुंक गया। माता कॉलोनी, काली मंदिर, केशव गली, मोमीन मस्जिद में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। लोगों के इनवर्टर भी ठप हो गए। लोग गर्मी में पसीने-पसीने हो गए। कुछ क्षेत्रों में पीने के पानी की भी किल्लत हो गई। बच्चे भी गर्मी में बिलबिला उठे।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक मंगलवार की दोपहर में ट्रांसफार्मर फुंका था। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के कर्मचारी ट्रांसफार्मर बदलने में जुट गए। इसकी वजह से कोर्ट रोड पर भी बार-बार बिजली का आना-जाना लगा रहा। इससे इस क्षेत्र में भी लोग परेशान रहे। देर रात तक भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हुई थी। एसडीओ रितेश्वर बंधु ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य चल रहा है। रात में आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।