बड़ौत। पटटी चौधरान में बृहस्पतिवार को देशखाप चौधरी के आवास पर सर्वखाप चौधरी व थांबेदारों की बैठक आहुत हुई। इसमें मृत्यु भोज पर कम खर्चा करने व सड़क दुघर्टनाओं को देखते हुए लोगों से शादी समारोह के निमंत्रण पत्र व्हाटसएप पर ही स्वीकार करने का निर्णय लिया गया।
आयोजित बैठक की अध्यक्षता चौधरी रामनारायण ढिकाना व संचालन थांबेदार यशपाल चौधरी बिजरौल ने किया। बैठक में सभी ने एकमत होकर मृत्य भोज पर अधिक खर्च न कर केवल शोकाकुल परिवारों एवं रिश्तेदार के लिए चाय आदि का प्रबंध किए जाने की अपील की। साथ ही सड़क दुघर्टनाओं को देखते हुए कहा कि जिस तरह आए दिन वाहन चलाते समय लोगों के साथ हादसे हो रहे हैं, ऐसे में दूरदराज स्थित रिश्तेदारों को व्हाटसएप व फोन कॉल पर ही निमंत्रण स्वीकार करने का निर्णय लिया गया। बताया कि आगामी 21 जनवरी को स्वर्गीय चौधरी चौरासी चौधरी सुखबीर सिंह की 19वीं पुण्यतिथि पर हवन चौधरी चौरासी भवन में आयोजित किया जाएगा। साथ ही 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 121 वीं जयंती जनता वैदिक कॉलेज में मनाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर सुभाष शर्मा, चौधरी देवेन्द्र सिंह थांबेदार, ओमबीर थांबेदार, संजीव चौधरी, मास्टर वीरेंद्र तोमर गुराना, कुलदीप गुराना, सतेंद्र गुराना, चौधरी यशवंत सिंह बामनौली आदि शामिल रहे।