बागपत। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी है। अस्पताल में दो साल से त्वचा रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति नहीं हुई है और छह माह से हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं है। जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है।
करीब दो साल पहले जिला अस्पताल में तैनात त्वचा रोग विशेषज्ञ का तबादला हो गया था। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई बार शासन को त्वचा रोग विशेषज्ञ की तैनाती का पत्र जारी किया जा चुका है, मगर अस्पताल में चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हुई है। इसके अलावा लगभग छह माह पूर्व अस्पताल में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ का कार्यकाल पूरा हो गया था, तब से अब तक अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की भी नियुक्ति नहीं हुई है। जिससे अस्पताल में त्वचा और हड्डी के मरीजों को इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अन्य चिकित्सक ही त्वचा और हड्डी के मरीजों की जांच कर रहे हैं।
- पूरे शरीर में लाल-लाल दाने हो गए हैं। सारा दिन खुजली रहती है। कई बार अस्पताल में दवाई लेने आ चुका हूं, मगर आराम नहीं मिल रहा है। - मदन पाल, फाजलपुर
- हाथ-पैरों में दर्द रहता है। दवाई खाने पर दर्द कम हो जाता है बाद में फिर बढ़ जाता है। अस्पताल में हड्डी का डाक्टर नहीं है। - बाबूराम, बड़ौली
- घुटनों और कमर में दर्द रहता है। घुटनों के दर्द की वजह से चलने में भी परेशानी है। अस्पताल में हड्डी का डॉक्टर नहीं है, दूसरे डॉक्टर ने दवा दी है। - विजय पाल, गौरीपुर
- वर्जन- अस्पताल में त्वचा और हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं है। अन्य चिकित्सक ही त्वचा और हड्डी के मरीजों की जांच कर दवाई देते है। शासन से चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की गई है। - डॉ एसके चौधरी, सीएमएस